सेंट जूड्स इंडिया (St. Jude India Child Care Centres) एक गैर-सरकारी संस्था (NGO) है, जो कैंसर का इलाज करा रहे बच्चों और उनके परिवारों को रहने के लिए सुरक्षित और घर जैसा माहौल देती है।
जब किसी बच्चे को कैंसर होने का पता चलता है, तो उसके बेहतर इलाज के लिए अक्सर उसे बड़े शहरों और महानगरों के अस्पतालों में ले जाना पड़ता है। इलाज की यह प्रक्रिया लगभग दो साल तक चल सकती है। इस दौरान बच्चे को कभी अस्पताल में भर्ती रहना पड़ता है, तो कभी नियमित जाँच और इलाज के लिए अस्पताल जाना होता है। ऐसे समय में सेंट जूड्स बच्चे और उसके परिवार की देखभाल और ज़रूरतों का ध्यान रखने के लिए हर संभव सहयोग देता है।
इलाज के लिए बड़े शहरों में आने वाले आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए साफ़-सुथरी और सुरक्षित जगह पर रहना अक्सर बहुत महँगा होता है। ऐसे में कई परिवारों को जहाँ उनके बच्चे का इलाज चल रहा होता है, उस अस्पताल के बाहर फुटपाथ पर रहने के लिए मजबूर होना पड़ता है।
खाना बनाने के लिए साफ़ जगह न होना और शौचालय व नहाने की उचित सुविधा न मिलना परिवारों के लिए बड़ी परेशानी बन जाती है। ऐसे अस्वच्छ माहौल में रहने से बच्चों को संक्रमण होने का खतरा बढ़ जाता है, क्योंकि कैंसर के इलाज के दौरान उनकी रोगों से लड़ने की क्षमता पहले से ही काफी कमज़ोर हो जाती है।
इन मुश्किलों के कारण अक्सर परिवार हताश और निराश हो जाते हैं। कई बार वे बच्चे का इलाज बीच में ही छोड़कर अपने घर लौट जाते हैं। इससे बच्चे के ठीक होने की संभावना भी कम हो सकती है।
बहुत कम लोग जानते हैं कि बचपन में होने वाले कई प्रकार के कैंसर का इलाज संभव है और बच्चे ठीक हो सकते हैं। इसके लिए ज़रूरी है कि इलाज के साथ बच्चे को साफ़-सुथरा और संक्रमण से सुरक्षित माहौल मिले और उसे पौष्टिक भोजन भी मिलता रहे।
सेंट जूड्स इंडिया अपने यहाँ रहने वाले हर परिवार को एक अलग कमरा देता है, जहाँ सोने के लिए बिस्तर और सामान रखने की पर्याप्त जगह होती है।
यहाँ सभी परिवारों के लिए साझा रसोई की व्यवस्था है, जहाँ हर परिवार को खाना बनाने के लिए अलग जगह, ज़रूरी बर्तन और पौष्टिक राशन दिया जाता है। जिससे माता-पिता अपने बच्चे की पसंद और उसकी पोषण की ज़रूरतों के अनुसार खाना बना सकते हैं।
इसके अलावा, साफ़-सुथरे शौचालय और नहाने के लिए साझा सुविधाएँ उपलब्ध हैं। परिवारों के कपड़े धोने और सुखाने के लिए भी अलग से उचित जगह की व्यवस्था है।
सेंट जूड्स में हम परिवारों को एक-दूसरे से जोड़कर एक ऐसा माहौल बनाते हैं, जहाँ वे एक-दूसरे का साथ और सहयोग दे सकें। यहाँ देश के अलग-अलग हिस्सों से आए, अलग-अलग भाषाएँ बोलने और विभिन्न समुदायों से जुड़े परिवार एक साथ रहते हैं। इन सभी परिवारों का एक ही सपना और एक ही उद्देश्य है—अपने बच्चे का कैंसर का इलाज पूरा करवाना और उसे स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ते देखना।
बच्चे को कैंसर होने का पता चलना परिवार के लिए भावनात्मक और आर्थिक, दोनों तरह की चुनौतियाँ लेकर आता है। सेंट जूड्स इंडिया में हम बच्चों और उनके परिवारों की ज़रूरतों को समझते हुए, उन्हें हर संभव देखभाल और सहायता प्रदान करते हैं। हमारी समग्र देखभाल में कई सुविधाएँ शामिल हैं, जैसे:
सेंट जूड्स बच्चों को समग्र देखभाल प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसमें उनके आसपास साफ़-सुथरा और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाता है। प्रशिक्षित हाउसकीपिंग स्टाफ हर समय स्वच्छता के उच्चतम मानकों को बनाए रखता है, ताकि इम्यूनो-कॉम्प्रमाइज्ड बच्चों को संक्रमण से बचाया जा सके। देखभाल का यह व्यापक दृष्टिकोण बच्चों के संपूर्ण स्वास्थ्य और उनके स्वस्थ होने की प्रक्रिया में मदद करता है।
सेंट जूड्स में रहने आने वाले कई बच्चे पहले से ही कुपोषण का शिकार होते हैं। कैंसर का कठिन इलाज उनके स्वास्थ्य पर और असर डाल सकता है। इसलिए, कैंसर से लड़ाई में सही पोषण बहुत ज़रूरी है। सेंट जूड्स में परिवारों के लिए साझा रसोई की सुविधा है, जहाँ खाना बनाने के बर्तन और हर हफ़्ते राशन दिया जाता है। इससे माता-पिता अपने बच्चे की पसंद और ज़रूरत के हिसाब से खाना बना सकते हैं।
सभी परिवारों को सेंटर से अस्पताल आने-जाने के लिए रोज़ परिवहन की सुविधा दी जाती है। इससे बच्चों को सार्वजनिक परिवहन में दूसरे संक्रमण होने का ख़तरा कम होता है। साथ ही, बड़े शहरों में आने-जाने में परेशानी का सामना करने वाले माता-पिता के लिए भी यह मददगार है। इससे वे रोज़ अस्पताल में इलाज और फ़ॉलो-अप के लिए आसानी से जा सकते हैं।
बच्चों और उनके परिवारों की बेहतर देखभाल के लिए, उपचार के दौरान उन्हें कई तरह की सुविधाएँ और सेवाएँ प्रदान की जाती हैं। इनमें शिक्षा, मनोरंजन, कला और शिल्प, नाटक, परामर्श और कौशल विकास की कक्षाएँ शामिल हैं। ये गतिविधियाँ बच्चों के शारीरिक, भावनात्मक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में मदद करती हैं, जिससे उन्हें उपचार के दौरान सहयोग मिलता है और वे बेहतर ढंग से उपचार जारी रख पाते हैं।
हमारे सभी सेंटर में माता-पिता को अलग-अलग गतिविधियों में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। इन गतिविधियों से उन्हें व्यस्त रहने, अपने समय का बेहतर इस्तेमाल करने और बच्चे के इलाज से जुड़े तनाव को कम करने में मदद मिलती है। इनमें कला और शिल्प, के साथ-साथ खाना पकाने और मोबाइल रिपेयरिंग जैसे कौशल सिखाने वाली वर्कशॉप भी शामिल हैं। इसके अलावा, माता-पिता की पढ़ने-लिखने की क्षमता बढ़ाने और उन्हें नए कौशल सीखने में मदद करने के लिए भी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
इनमें व्यक्तिगत और समूह काउंसलिंग, जागरूकता कार्यक्रम और कई तरह की गतिविधियाँ शामिल हैं, जो माता-पिता और बच्चों की भावनात्मक सेहत का ध्यान रखने में मदद करती हैं। योग और म्यूज़िक थेरेपी जैसी इनडोर और आउटडोर गतिविधियों से उन्हें तनाव कम करने और भावनात्मक सहारा पाने में मदद मिलती है।
पहले सर्कल में मिलने वाली सुविधाएँ तो उपलब्ध हैं, लेकिन दूसरे और तीसरे सर्कल की ज़रूरतों को पूरा करने में कमी रह जाती है। सेंट जूड्स इंडिया इन ज़रूरतों को पूरा करके बच्चों और उनके परिवारों को पूरी देखभाल और सहायता देता है।